ड्यूटी पर था सिपाही, घर में मिली पत्नी की संदिग्ध मौत

दूध देने पहुंचे व्यक्ति की सूचना से खुला मामला

अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के हाजीनगर रगड़गंज में मंगलवार को सर्विलांस सेल में तैनात एक आरक्षी की पत्नी का शव किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। घटना के समय आरक्षी ड्यूटी पर था, जबकि दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

दूध देने पहुंचे व्यक्ति को नहीं मिला जवाब, तब सामने आई घटना

मृतका की पहचान 30 वर्षीय ज्योति पांडेय के रूप में हुई है। उनके पति सौरभ पांडेय अंबेडकरनगर की सर्विलांस सेल में आरक्षी हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंगलवार पूर्वाह्न दूध देने पहुंचे व्यक्ति ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही सौरभ पांडेय को भी इसकी जानकारी दी गई।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सूचना मिलते ही सौरभ पांडेय घर पहुंचे और तत्काल पत्नी को जिला अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का कारण

क्षेत्राधिकारी नीतीश तिवारी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे सूचना मिली थी कि ज्योति पांडेय ने अज्ञात कारणों से फंदा लगा लिया है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button