
- रावतपुर में 23 वर्षीय युवती ने फंदा लगाकर दी जान
- मोहल्ले के युवक पर ब्लैकमेल और धमकी देने का आरोप
- फोटो वायरल करने की धमकी से डरी थी युवती
कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर में मंगलवार देर रात एक युवती ने शोहदे की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान 23 वर्षीय रिया गौतम के रूप में हुई है, जो कानपुर देहात के गजनेर की निवासी थी और पिछले चार महीने से अपनी बहन के घर आई हुई थी।
बच्चे की देखभाल के लिए आई थी रावतपुर
रिया की बहन नीलू की शादी प्रेम नामक युवक से हुई है। प्रेम और नीलू पेंटिंग का कार्य करते हैं। प्रेम के अनुसार, डिलीवरी के समय रिया उनकी मदद के लिए घर आई थी और चार महीनों से वहीं रह रही थी।
समारोह में पहली बार दिखी, तभी से बुरी नजर
परिजनों का आरोप है कि मोहल्ले का युवक, जो प्रेम का परिचित भी था, रिया को पहली बार बच्चे की छठी समारोह में देखकर उस पर बुरी नजर रखने लगा। आरोपी ने रिया की कुछ फोटो खींच ली और उसे प्रेम जाल में फंसा कर ब्लैकमेल करने लगा।
ब्लैकमेलिंग और धमकी से टूट गई थी रिया
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक रिया को रात में मिलने के लिए बुलाता और मना करने पर फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था। इस बात की जानकारी जब रिया के जीजा को हुई, तो उन्होंने उसे डांट दिया और रिया ने आरोपी से मिलना बंद कर दिया। मगर ब्लैकमेलिंग जारी रही।
बदनामी के डर से उठाया खौफनाक कदम
मंगलवार रात रिया ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजन जागे, तो शव लटका देखकर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
चैलेंज कर फंसाने की दी थी धमकी
रिया के जीजा प्रेम ने बताया कि आरोपी युवक ने छठी समारोह में ही दावा किया था कि वह उसकी साली को अपने प्रेमजाल में फंसा कर रहेगा। अब उसकी धमकियों और ब्लैकमेलिंग ने एक जिंदगी छीन ली।








