
- करणी सेना बलिया नामक फेसबुक आईडी से मिली धमकी
- मंत्री ओम प्रकाश राजभर को गोली मारने की धमकी दी गई
- तहरीर में बताया गया कि धमकी से समाज में भय और जातीय तनाव फैल सकता है
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी ‘करणी सेना बलिया’ नाम की एक फेसबुक आईडी से दी गई है। मंत्री के कार्यालय की ओर से इस संबंध में हजरतगंज थाने में तहरीर दी गई है।
तेजी से वायरल हुई धमकी, चैनलों पर भी चला वीडियो
सुभासपा के लखनऊ कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश चौधरी ने बताया कि रविवार सुबह उन्हें फेसबुक पोस्ट के माध्यम से जानकारी मिली कि मंत्री को गोली मारने की धमकी दी गई है। उन्होंने कहा, “यह पोस्ट न सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, बल्कि 10:03 बजे एक न्यूज चैनल पर भी इसका प्रसारण किया गया।”
समाज में भय और तनाव फैलाने की आशंका
प्रभारी ने तहरीर में लिखा है कि इस तरह की धमकी मंत्री की जान के लिए खतरा है। साथ ही इससे समाज में भय, असुरक्षा और जातीय तनाव फैल सकता है। आरोप है कि धमकी को सुनियोजित तरीके से वायरल किया गया है, जिससे स्पष्ट है कि धमकी देने वालों को कानून का कोई डर नहीं है।
मांग: FIR दर्ज कर सुरक्षा बढ़ाई जाए
पार्टी की ओर से मांग की गई है कि इस मामले में FIR दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मंत्री की सुरक्षा को भी तुरंत बढ़ाया जाए ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।








