अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि अमेरिका जल्द ही होर्मुज स्ट्रेट पर पूरी तरह नियंत्रण कर लेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी हमलों में ईरान की नेवी, एयरफोर्स और सैन्य नेतृत्व को भारी नुकसान हुआ है।
ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार बनाने की अनुमति नहीं देगा। उन्होंने दावा किया कि ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोकने के लिए सैन्य कार्रवाई जरूरी थी। ट्रम्प ने चेतावनी दी कि अगर भविष्य में ईरान की ओर से ऐसा खतरा फिर सामने आया तो अमेरिका दोबारा कड़े कदम उठा सकता है।
ईरान से बातचीत को बताया मुश्किल
ट्रम्प ने कहा कि ईरान के कई बड़े नेता अब नहीं रहे हैं, जिसके कारण नए समझौते को लेकर बातचीत मुश्किल हो गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि ईरान में फैसले कौन ले रहा है।
ईरान की अर्थव्यवस्था पर भी निशाना
अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक बार फिर ईरान के आर्थिक संकट का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि ईरान में महंगाई काफी ज्यादा है और सेना को वेतन देने में भी मुश्किलें आ रही हैं।
ईरान से कारोबार करने वालों को चेतावनी
अमेरिका ने ईरान के साथ कारोबार करने वाले देशों और कंपनियों को भी चेतावनी दी है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बैसेंट ने कहा कि ईरान के साथ कारोबार जारी रखने वालों के खिलाफ अमेरिका कड़े आर्थिक कदम उठा सकता है।
ईरान पर बढ़ाया जा रहा आर्थिक दबाव
अमेरिका ने गुरुवार को ईरान के खिलाफ नई आर्थिक कार्रवाई का ऐलान किया। इसका उद्देश्य ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ाना है, ताकि उसे परमाणु कार्यक्रम खत्म करने और होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए मजबूर किया जा सके।
तेल और बैंकिंग सेक्टर पर पहले से प्रतिबंध
अमेरिका पहले ही ईरान के तेल, बैंकिंग और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर कई प्रतिबंध लगा चुका है। अब ईरान से जुड़े दूसरे देशों और कंपनियों पर भी आर्थिक दबाव बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।









