श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के सरकारी स्कूलों की लाइब्रेरी के लिए खरीदी गई दो किताबों को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इन किताबों में मुंबई आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद और अलगाववादी नेता मकबूल भट को ‘महान हस्ती’ बताए जाने के आरोप में पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत एफआईआर दर्ज की है। काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने मामले की जांच शुरू करते हुए कई स्थानों पर छापेमारी भी की है।
पुलिस के अनुसार, विवादित किताबों में एक हिलाल अहमद और संतोष मीना द्वारा लिखित ‘पर्सनैलिटीज एंड लीजेंड्स ऑफ J&K’ है, जिसे जम्मू की ओबेरॉय बुक सर्विस ने प्रकाशित किया है। दूसरी किताब ‘ग्रेट पर्सनैलिटी ऑफ जम्मू-कश्मीर’ है, जिसके लेखक सुशांत गिरी हैं और इसे दिल्ली के अनुराग प्रकाशन ने प्रकाशित किया है।
अधिकारियों के मुताबिक, पहली किताब की 123 प्रतियां जम्मू, रामबन और उधमपुर जिले के सरकारी स्कूलों में भेजी गई थीं। वहीं दूसरी किताब की 128 प्रतियां जम्मू और बारामूला के स्कूलों की लाइब्रेरी में वितरित की गई थीं।
मामला सामने आने के बाद भाजपा ने इसे ‘एकेडमिक जिहाद’ करार देते हुए दोनों किताबों पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से शिक्षा मंत्री के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि विवादित सामग्री वाली किताबें सरकारी स्कूलों की लाइब्रेरी तक कैसे पहुंचीं।









