मानव, अमृतसर। पंजाब के खडूर साहिब से लोकसभा सांसद अमृतपाल सिंह शनिवार को अपनी दादी चरण कौर की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। अमृतसर के जल्लूपुर खेड़ा स्थित पैतृक गांव में आयोजित अंतिम संस्कार के दौरान वह दादी की पार्थिव देह वाली ट्रॉली पर सवार नजर आए। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस ने ह्यूमन चेन बनाई और पूरे कार्यक्रम के दौरान कड़ी निगरानी रखी।
अमृतपाल को अमृतसर की अदालत ने दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। वह इस दौरान पुलिस हिरासत में ही रहेंगे। अदालत के आदेश के मुताबिक, उन्हें निर्धारित समय के बाद वापस ले जाया जाएगा।
बुलेटप्रूफ गाड़ी से एयरपोर्ट से गांव लाए गए
पंजाब पुलिस शनिवार सुबह अमृतपाल सिंह को दिल्ली से अमृतसर लेकर पहुंची। एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद उन्हें सुबह करीब 8:30 बजे से 10 बजे तक परिसर के भीतर रखा गया। इसके बाद पुलिस उन्हें अलग रास्ते से बुलेटप्रूफ गाड़ी में लेकर जल्लूपुर खेड़ा गांव पहुंची। इस दौरान उन्हें हथकड़ी नहीं लगाई गई थी।
गांव पहुंचने के बाद अमृतपाल करीब एक घंटे तक परिवार के साथ रहे। इसके बाद वह दादी की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। उनकी आवाजाही और सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस के पास रही।
8 नवंबर को हुआ था दादी चरण कौर का निधन
अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का 8 नवंबर को निधन हो गया था। उनकी उम्र 84 वर्ष बताई गई है। अमृतपाल के असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद होने के कारण परिवार ने अंतिम संस्कार रोक दिया था। परिवार चाहता था कि अमृतपाल अपनी दादी के अंतिम दर्शन कर सकें और अंतिम संस्कार में शामिल हों।









