
अंबेडकरनगर। जनपद के हंसवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेमरा नसीरपुर गांव के बाहर एक पेड़ से करीब 30 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने जब शव देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
सुबह ग्रामीणों ने देखा पेड़ से लटका शव
घटना की जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने गांव के बाहर एक पेड़ से लटका शव देखा। पहले तो लोगों ने किसी तरह की शरारत समझी, लेकिन पास जाकर देखने पर मामला गंभीर निकला। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल हंसवर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और क्षेत्र में भीड़ इकट्ठा हो गई।
पुलिस ने शव उतारकर की पहचान की कोशिश
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पहचान कराने का प्रयास शुरू किया, लेकिन युवक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला। पूछताछ के दौरान भी किसी ने उसे पहचानने की पुष्टि नहीं की।
थाना प्रभारी वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों को भी सूचना भेज दी गई है ताकि कहीं लापता व्यक्ति की रिपोर्ट से उसकी पहचान हो सके।
पुलिस कर रही है हर पहलू की जांच
घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या और हत्या दोनों ही संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।








