अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपीएमएसपी) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए संस्थागत छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन की समय सारिणी जारी कर दी है। इसके साथ ही विद्यालयों में प्रवेश, परीक्षा शुल्क जमा करने और ऑनलाइन विवरण अपलोड करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
परिषद की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, विद्यालयों के प्रधानाचार्य 5 अगस्त 2026 तक छात्र-छात्राओं का प्रवेश लेकर उनसे परीक्षा शुल्क प्राप्त कर सकेंगे। इसके बाद विद्यालयों को एकत्रित परीक्षा शुल्क 10 अगस्त 2026 तक एकमुश्त चालान के माध्यम से राजकोष में जमा करना होगा।
16 अगस्त तक अपलोड होगा विद्यार्थियों का विवरण
डीआईओएस कौस्तुभ कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा शुल्क जमा करने के बाद विद्यालयों को छात्र-छात्राओं का शैक्षिक विवरण परिषद की वेबसाइट पर 16 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तक अपलोड करना होगा। इसमें विद्यार्थियों की व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी शामिल रहेगी।
परिषद ने विलंब से आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी व्यवस्था की है। निर्धारित तिथि के बाद प्रति छात्र 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा शुल्क 16 अगस्त तक जमा किया जा सकेगा। ऐसे विद्यार्थियों का ऑनलाइन विवरण 20 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तक अपलोड किया जा सकेगा।
अगस्त के अंत तक होगा सत्यापन
वेबसाइट पर विवरण अपलोड होने के बाद विद्यालयों को चेकलिस्ट प्राप्त होगी। इसके आधार पर 21 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक विद्यार्थियों के नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि, विषयों और फोटो सहित सभी विवरणों का सत्यापन किया जाएगा।
सितंबर में मिलेंगे संशोधन के अवसर
यदि किसी विद्यार्थी के विवरण में त्रुटि पाई जाती है, तो उसे सुधारने का अवसर भी दिया जाएगा। परिषद के अनुसार, 1 सितंबर से 10 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन संशोधन की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।









