- 16 से 30 नवंबर तक खुलेगा स्व-गणना पोर्टल, कलेक्ट्रेट से तहसील तक विद्यार्थियों ने रंगोलियों के जरिए किया जागरूक
अंबेडकरनगर। दीपावली की सजावट के बीच इस बार सरकारी कार्यालयों में रंगोलियों के जरिए जनगणना-2027 में भागीदारी की अपील की गई। कहीं रंगों से स्व-गणना का संदेश उकेरा गया तो कहीं आकर्षक आकृतियों के माध्यम से लोगों को परिवार का विवरण खुद ऑनलाइन दर्ज करने के लिए प्रेरित किया गया। शुक्रवार को जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता कार्यक्रम के तहत रंगोलियां सजाईं।
कलेक्ट्रेट से विकास भवन तक सजा जागरूकता का रंग
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ईशा प्रिया की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी वैभव मिश्रा और जिला विकास अधिकारी सविता सिंह की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने रंगोली बनाई। जिला पंचायत राज कार्यालय में जिला पंचायत राज अधिकारी तथा तहसील टांडा में तहसीलदार की मौजूदगी में भी छात्र-छात्राओं ने स्व-गणना का संदेश दिया। जिले के अन्य सरकारी कार्यालयों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
15 दिन में घर बैठे दर्ज कर सकेंगे परिवार का ब्योरा
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान लोग निर्धारित पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें निर्धारित अवधि के भीतर पोर्टल पर जाकर प्रक्रिया पूरी करनी होगी।









