भाजपा सरकार पर बरसे UPCC अध्यक्ष अजय राय- कहा – “मंत्री भी लाचार

  • खाद की किल्लत: महिला की मौत, किसानों पर लाठीचार्ज
  • बाढ़ पर मंत्री का विवादित बयान: “गंगा मैया पैर धोने आती हैं”
  • मंत्री भी लाचार: ट्रांसफार्मर व थानेदार के लिए धरने पर मंत्री

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) के अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को लखनऊ के नेहरू भवन में प्रेस वार्ता कर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने खाद की किल्लत, बाढ़ की तबाही, बिगड़ती कानून व्यवस्था और मंत्रियों की बेबसी को लेकर सरकार को घेरा।

खाद के लिए लाठियां, बाढ़ पर बेतुके बयान

अजय राय ने कहा कि पूरे प्रदेश में किसान खाद के लिए परेशान हैं, कई जगहों पर उन्हें लाठियां खानी पड़ीं। एक महिला की खाद की लाइन में मौत हो गई। राय ने निषाद पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, “बाढ़ से तबाह जनता के जख्मों पर नमक छिड़का जा रहा है। मंत्री कह रहे हैं, ‘गंगा मैया गंगा पुत्रों के पैर धुलने आती हैं।’ क्या यही है इस सरकार की संवेदनशीलता?”

मंत्री भी बेबस, सिस्टम लाचार

UPCC अध्यक्ष ने कहा, “प्रदेश में हालात ऐसे हैं कि एक मंत्री को ट्रांसफॉर्मर लगवाने के लिए धरना देना पड़ता है। कानपुर में महिला मंत्री को थानेदार हटवाने के लिए धरने पर बैठना पड़ा, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जब मंत्री ही सुने नहीं जा रहे तो आम जनता की कौन सुनेगा?”

स्वामी प्रसाद पर हमले को बताया सरकार की विफलता

स्वामी प्रसाद मौर्य पर हुए थप्पड़ कांड की निंदा करते हुए अजय राय ने कहा कि अब तो नेताओं तक पर हमले हो रहे हैं। “कानून व्यवस्था इस कदर बिगड़ चुकी है कि जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं हैं। यह सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है।”

शहीदों को नमन करेगी कांग्रेस, निकलेगी ‘जयहिंद यात्रा’

अगस्त माह के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए अजय राय ने ऐलान किया कि कांग्रेस 8 अगस्त से पूरे प्रदेश में “जयहिंद यात्रा” निकालेगी। यह यात्रा काकोरी से शुरू होकर 16 जिलों में आयोजित होगी, जिसमें शहीदों को नमन किया जाएगा। राय ने कहा कि 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में उत्तर प्रदेश की भूमिका ऐतिहासिक रही है, जिसे कांग्रेस जनता को याद दिलाएगी।

यात्रा कार्यक्रम (मुख्य स्थल):

  • 8 अगस्त – काकोरी

  • 9 अगस्त – प्रयागराज

  • 10 अगस्त – आगरा, मुरादाबाद

  • 11 अगस्त – अयोध्या

  • 12 अगस्त – आजमगढ़

  • 14-19 अगस्त – मैनपुरी से बलिया तक

  • 23 अगस्त – गोरखपुर

  • 28 अगस्त – सैय्यद राजा, चंदौली

भाजपा पर इतिहास तोड़-मरोड़ने का आरोप

अजय राय ने भाजपा पर स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को तोड़ने-मरोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता भारत छोड़ो आंदोलन का नाम तो लेते हैं, लेकिन यह नहीं बताते कि उनके पूर्वज – सावरकर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और संघ – इस आंदोलन के विरोधी थे।

उन्होंने दावा किया कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आंदोलन को कुचलने के लिए ब्रिटिश गवर्नर को पत्र लिखा था, और सावरकर ने हिंदू महासभा के 1942 के अधिवेशन में अंग्रेजों का साथ देने की बात कही थी।

स्वदेशी की बात करने वालों का विदेशी प्रेम उजागर

राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वो जर्मन कंपनी का मेबाख चश्मा पहनते हैं, उनकी सरकार विदेशी कारों, ब्रांड्स और चीनी सामान पर निर्भर है। “मोदी जी पहले खुद ‘स्वदेशी’ अपनाएं, फिर जनता को उपदेश दें।”

मौके पर मौजूद रहे:

पूर्व विधायक रविंद्र चौधरी, मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष श्रीवास्तव हिंदवी, प्रवक्ता सचिन रावत और कई अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता।

Related Posts

पीएम मोदी से मिले गूगल सीईओ सुंदर पिचाई, AI सहयोग पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। Google के सीईओ Sundar Pichai ने 18 फरवरी को प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात की। पीएम मोदी ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि भारत में…

Continue reading
गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में युवती से दुष्कर्म की कोशिश

गोरखपुर। गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसी प्रथम श्रेणी कोच में एक 22 वर्षीय युवती से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी टीटीई राहुल कुमार को रेलवे प्रशासन ने…

Continue reading