- AKTU में दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की तैयारी
- जर्मन कंपनी NEMETSCHEK का मिलेगा सहयोग
- AI आधारित कंस्ट्रक्शन और डिजाइनिंग में ट्रेनिंग
लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (AKTU) में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी पहल होने जा रही है। विश्वविद्यालय परिसर में दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जा रहे हैं। इनका निर्माण जर्मन की दिग्गज कंपनी NEMETSCHEK के सहयोग से किया जाएगा। इससे न सिर्फ छात्रों और शोधकर्ताओं को बल्कि इंडस्ट्री में काम कर रहे इंजीनियरिंग प्रोफेशनल्स को भी लाभ होगा।
दो विभागों में बनेंगे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
AKTU के कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने जानकारी दी कि ये सेंटर दो विभागों में स्थापित किए जाएंगे। एक सेंटर सेंटर ऑफ एडवांस स्टडीज में बनेगा जिसे NEMETSCHEK कंपनी CSR के तहत स्थापित करेगी, जबकि दूसरा सेंटर फैकल्टी ऑफ आर्किटेक्चर में बनाया जाएगा।
इन क्षेत्रों में मिलेगी ट्रेनिंग और एक्सपर्टाइज
इन सेंटरों के जरिए युवाओं को कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी, डिजाइनिंग, इंजीनियरिंग और प्रोटोटाइपिंग के क्षेत्र में एक्सपर्ट बनने का अवसर मिलेगा। AI आधारित नए बदलावों को समझने और सीखने के लिए ये सेंटर बेहद महत्वपूर्ण साबित होंगे।
जुलाई के अंत तक शुरू होगी प्रक्रिया
प्रो. पांडेय ने बताया कि जुलाई के अंतिम सप्ताह तक इन सेंटरों पर काम शुरू हो जाएगा। इसका मकसद लेटेस्ट टेक्नोलॉजी और ग्रीन एनर्जी आधारित कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स में नवाचार को बढ़ावा देना है।
NEMETSCHEK: विश्वस्तरीय अनुभव के साथ पार्टनर
NEMETSCHEK कंपनी जर्मनी के म्यूनिख में स्थित है और इसका कारोबार यूरोप, मिडिल ईस्ट, अमेरिका और भारत तक फैला है। यह कंपनी हाईटेक इंजीनियरिंग ड्रॉइंग, AI प्रोटोटाइपिंग और ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट्स के लिए जानी जाती है। रेलवे स्टेशन से लेकर एयरपोर्ट डिजाइन तक इसके कई प्रोजेक्ट दुनियाभर में चर्चित रहे हैं।








