
- स्पष्ट किया- त्वरित, निष्पक्ष और विधिसम्मत न्याय सर्वोच्च प्राथमिकता
- तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर कर्मचारियों को दिए सख्त निर्देश
- लापरवाही और उदासीनता पर जताई सख्त नाराजगी
अम्बेडकरनगर। वर्ष 2023 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी प्रतीक्षा सिंह ने बुधवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अकबरपुर के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व वह मेरठ में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात थीं। राजधानी दिल्ली निवासी प्रतीक्षा सिंह ने पदभार संभालते ही स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता को त्वरित, निष्पक्ष और विधिसम्मत न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद प्रतीक्षा सिंह ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने सभी कर्मचारियों और अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़ी किसी भी शिकायत या समस्या के निस्तारण में कोताही न बरती जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रतीक्षा सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ही प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाना उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा, “मैंने आईएएस कैडर इसलिए चुना कि लोगों की पीड़ा को समझ सकूं और उन्हें न्याय दिला सकूं। मेरे लिए जनसेवा केवल दायित्व नहीं, बल्कि एक नैतिक कर्तव्य है।”
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि तहसील में आने वाला हर व्यक्ति यदि किसी न्यायिक या राजस्व संबंधी समस्या के लिए आता है, तो उसे समयबद्ध, पारदर्शी और न्यायपूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रतीक्षा सिंह के सख्त लेकिन संवेदनशील रुख से प्रशासनिक अमले में सक्रियता देखी जा रही है। वहीं, जनमानस में भी उनके आगमन को लेकर आशाएं जागी हैं कि अब राजस्व संबंधित समस्याओं का समाधान तेजी से होगा और फरियादियों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।








