
- शादी के बाद से शुरू हुआ था मानसिक उत्पीड़न
- पति और सास पर प्रताड़ना में शामिल होने का आरोप
- बार-बार मायके से पैसे लाने का बनाया जाता था दबाव
अम्बेडकरनगर । पांडेय कॉलोनी निवासी एक महिला के साथ दहेज के लिए मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की शिकायत सामने आई है। पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया कि उसके पति ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करने के बाद उनके तीन साल के बेटे को जबरदस्ती ले जाया।
पीड़िता वैशाली (26) की मां रीना देवी ने शिकायत में बताया कि उनकी बेटी की शादी 21 मई 2017 को जौनपुर जिले के नागेशरा निवासी विशाल शर्मा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही विशाल दहेज के लिए वैशाली को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। उसने बार-बार पत्नी से मायके से पैसे लाने के लिए दबाव डाला और धमकी दी कि “जब तक पैसे नहीं लाओगी, तब तक मारपीट और अपमान सहना पड़ेगा।”
आरोप है कि वैशाली की सास भी उसे प्रताड़ित करने में शामिल थी। कई बार शिकायत करने के बाद भी परिवार ने सामाजिक प्रतिष्ठा के डर से मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन पति का व्यवहार और हिंसक होता गया।
हाल ही में, विशाल बिना सूचना दिए जलालपुर स्थित ससुराल पहुंचा, जहां वैशाली अकेली थी। उसने उसके साथ मारपीट की और उनके तीन साल के बेटे शिवांश को जबरदस्ती ले जाने की कोशिश की। वैशाली के विरोध करने पर उसने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
परिजनों ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच चल रही है।








