
भाजपा अध्यक्ष पद की रेस में आठ चेहरे, आरएसएस की पसंद पर सबकी नजर
नए अध्यक्ष के लिए महिला भागीदारी और युवाओं को प्राथमिकता देने की तैयारी
2029 के चुनाव तक पार्टी की कमान संभालेंगे नए अध्यक्ष
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) में संगठनात्मक बदलाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक अहम बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, एक हफ्ते के भीतर नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा की जा सकती है। बैठक में कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के अध्यक्षों के नामों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कयास लगाए जा रहे हैं कि आगामी दो-तीन दिनों में करीब आधा दर्जन राज्यों के नए अध्यक्षों की घोषणा हो सकती है।
20 अप्रैल के बाद शुरू हो सकती है अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया
BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव जनवरी में होना था, लेकिन अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा जनवरी 2020 से पद पर हैं। उनका कार्यकाल जनवरी 2023 में पूरा हो गया था, लेकिन लोकसभा चुनाव जैसे बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों के चलते उनका कार्यकाल आगे बढ़ा दिया गया।
2029 की रणनीति के लिए नई टीम का गठन
पार्टी सूत्रों का कहना है कि जो भी नेता नया अध्यक्ष बनेगा, 2029 के लोकसभा चुनाव तक पार्टी को उसी के नेतृत्व में लड़ना होगा। ऐसे में यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है कि पार्टी में सभी वर्गों की आवाज सुनी जाए और कोई भी निर्णय थोपने जैसा प्रतीत न हो। पिछले कुछ वर्षों में विपक्ष पार्टी के आंतरिक लोकतंत्र को लेकर लगातार सवाल उठाता रहा है।








