क्यों भागे अस्पताल संचालक?

क्या मिला छापेमारी में और कैसे स्वास्थ्य विभाग ने 2 हॉस्पिटल किए सील

  • बिना पंजीकरण चल रहे 2 हॉस्पिटल पूरी तरह सील
  • 6 अस्पतालों की ओटी पर कार्रवाई, नोटिस जारी
  • टीम पहुंचते ही कई संचालक ताला लगाकर फरार

कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को अवैध अस्पतालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान दो अस्पतालों को पूरी तरह सील कर दिया गया, जबकि कई अस्पताल संचालक मौके से ताला लगाकर फरार हो गए।

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमित रस्तोगी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पाया गया कि कुछ अस्पताल बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे थे। जांच के दौरान स्टार थ्री हॉस्पिटल और कानपुर हेल्थ हॉस्पिटल बिना वैध रजिस्ट्रेशन के चलते मिले, जिसके बाद दोनों अस्पतालों को सील कर दिया गया। साथ ही इन्हें तीन दिन के भीतर पूरी तरह खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।

टीम ने कार्रवाई के दौरान 6 अन्य अस्पतालों के ऑपरेशन थिएटर (OT) को भी सील किया और संचालकों को नोटिस थमाया गया। इन अस्पतालों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

छापेमारी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम को देखकर कई अस्पताल संचालक मौके से फरार हो गए। बारासिरोही स्थित गांधी हॉस्पिटल, मान्या हॉस्पिटल और संवारिया हॉस्पिटल के संचालक ताला लगाकर भाग निकले।

स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी अस्पतालों की जानकारी संबंधित थाने को दे दी है, जहां अब थाना स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और मरीजों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button