पत्नी को बीच बाजार में गोली मारकर की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

  • गोरखपुर में पति ने बीच बाजार पत्नी को मारी गोली
  • विवाद के बाद पिस्टल से दागीं दो गोलियां, मौके पर गिर पड़ी महिला
  • अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

गोरखपुर। बुधवार रात शाहपुर इलाके के जेल रोड पर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने बीच बाजार अपनी पत्नी को गोली मार दी। गंभीर हालत में महिला को प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

15 साल पहले हुई थी शादी, डेढ़ साल से चल रहा था विवाद

पुलिस के अनुसार, आरोपी विश्वकर्मा चौहान की शादी 15 साल पहले ममता चौहान से हुई थी। पिछले डेढ़ साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और वे अलग-अलग रह रहे थे। ममता अपनी 13 वर्षीय बेटी के साथ शाहपुर के गीता वाटिका के पास किराए के मकान में रहती थी और बैंक रोड स्थित एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी।

स्टूडियो के बाहर हुआ विवाद, चलीं गोलियां

बुधवार रात करीब 8 बजे ममता फोटो खिंचवाने स्कूटी से राधिका स्टूडियो गई थी। इसी दौरान विश्वकर्मा चौहान बाइक से वहां पहुंचा और बाहर इंतजार करने लगा। जैसे ही ममता स्टूडियो से बाहर आई, दोनों के बीच बहस और धक्का-मुक्की होने लगी। इसके बाद आरोपी ने हेलमेट में छिपाई पिस्टल निकालकर पत्नी पर दो गोलियां दाग दीं। एक गोली सीने में और दूसरी हाथ में लगी, जिससे ममता मौके पर गिर पड़ी।

25 मिनट तक मौके पर खड़ा रहा आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली मारने के बाद आरोपी करीब 25 मिनट तक वहीं खड़ा रहा और कहता रहा कि वह पत्नी से बहुत परेशान था। इसी बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में जुटी

शाहपुर थाने के एसएचओ नीरज राय ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Related Posts

अलीगंज थाना क्षेत्र में युवती की फांसी से मौत

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर के अलीगंज थाना क्षेत्र के बिहरा गांव में 18 वर्षीय युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर…

Continue reading
पीएम मोदी से मिले गूगल सीईओ सुंदर पिचाई, AI सहयोग पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। Google के सीईओ Sundar Pichai ने 18 फरवरी को प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात की। पीएम मोदी ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि भारत में…

Continue reading