डीजल टैंकर की चपेट में आने से महिला की मौत- युवक गंभीर रूप से घायल

  • शादी से लौटते समय हुआ हादसा
  • मृतका सुलतानपुर की, घायल युवक जिला अस्पताल रेफर
  • पुलिस ने टैंकर किया जब्त, चालक फरार

अंबेडकरनगर। कटका थाना क्षेत्र के रफीगंज-न्यूरी मार्ग पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा दूलहुपुर बाजार के पास उस समय हुआ जब एक तेज़ रफ्तार डीजल टैंकर ने बाइक सवार को सामने से टक्कर मार दी।

हादसे में 45 वर्षीय किरन, निवासी अखंड नगर, सुलतानपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार 19 वर्षीय प्रतीक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किरन अतरौलिया थाना क्षेत्र के गोबिनापुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। समारोह के बाद सोमवार शाम वह अपने बहन के बेटे प्रतीक के साथ बाइक से वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान सिंघोरिया दूलहुपुर के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक डीजल टैंकर ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी

घटना के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कटका पुलिस ने घायलों को तत्काल भियांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने किरन को मृत घोषित कर दिया। प्रतीक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

कटका थाना प्रभारी प्रेमचंद ने बताया कि दुर्घटना में प्रयुक्त टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है। मृतका सेमरा ग्राम सभा के प्रधान विजय प्रताप की रिश्तेदार थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

Related Posts

सड़क सुरक्षा पर प्रशासन की सख्ती

अम्बेडकरनगर में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु…

Continue reading
होमस्टे नीति–2025 : अम्बेडकर नगर में 13 आवेदनों पर समिति की बैठक

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट होमस्टे नीति–2025 के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई।…

Continue reading