
अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश में चल रहे खाद संकट को लेकर आम आदमी पार्टी ने शनिवार को पूरे प्रदेश में मोर्चा खोल दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य के सभी तहसील मुख्यालयों पर एक साथ धरना-प्रदर्शन कर सरकार से तत्काल राहत की मांग की। प्रदर्शन पार्टी के राज्य प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देश पर आयोजित किया गया।
घंटों लाइन में खड़े होने के बाद भी नहीं मिल रही खाद
प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए जिला अध्यक्ष बृजेश चौधरी ने कहा कि प्रदेश के किसान बेतहाशा परेशान हैं। उन्हें खाद के लिए सरकारी केंद्रों पर लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा है, लेकिन बावजूद इसके खाद नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने कहा, “खेती का मुख्य सीजन चल रहा है और खाद की अनुपलब्धता से किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है।”
‘आप’ ने उठाई मांगें, दिया ज्ञापन
प्रदर्शन स्थल पर पार्टी के जिला महासचिव एडवोकेट कौशलेंद्र प्रताप राय ने कहा कि खाद वितरण में भारी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाना बेहद जरूरी हो गया है।
पार्टी की ओर से जिलाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर निम्न मांगें रखी गईं:
किसानों को तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए।
खाद वितरण में हो रहे भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
कालाबाजारी में लिप्त अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
बोआई से वंचित किसानों के लिए विशेष सहायता पैकेज की घोषणा की जाए।
कालाबाजारी और भ्रष्टाचार पर उठे सवाल
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी केंद्रों से खाद गायब होकर बाजार में महंगे दामों पर बेची जा रही है। इससे किसान आर्थिक रूप से दोहरी मार झेल रहे हैं। एक ओर खाद नहीं मिल रही, दूसरी ओर निजी दुकानों पर ऊंचे दामों पर खरीदने को मजबूर हैं।








