जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र के अन्नापुर गांव के पास गुरुवार देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बारिश और कम रोशनी के बीच सड़क किनारे खड़ी मशीन से बाइक टकराने के कारण हुआ।
जानकारी के अनुसार, आलापुर थाना क्षेत्र के सिपाह गांव निवासी 19 वर्षीय रविन्द्र उर्फ टनटन अपने साथी के साथ बाइक से जहांगीरगंज की ओर जा रहा था। रात करीब 11 बजे बारिश के चलते सड़क पर दृश्यता कम थी। इसी दौरान बाइक सड़क किनारे खड़ी छत ढालने वाली मशीन से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
बारिश से बचाव के लिए सड़क किनारे खड़ी थी मशीन
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, बारिश शुरू होने पर मशीन को सड़क किनारे खड़ा किया गया था। मशीन के साथ मौजूद लोग पास में ही बारिश से बचने के लिए चले गए थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही डायल-112 टीम और जहांगीरगंज थानाध्यक्ष रितेश पांडेय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रविन्द्र उर्फ टनटन को मृत घोषित कर दिया।
दूसरे घायल का इलाज अस्पताल में जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।









