ऑफिस तोड़े जाने पर अभिषेक का भाजपा पर हमला

  • ऑफिस तोड़े जाने के बाद भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
  • पुलिस पर सामान ले जाने का भी लगाया आरोप
  • हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट जाने की कही बात

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी ने दक्षिण 24 परगना के अमतला स्थित अपने पार्टी कार्यालय पर हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद भाजपा और पश्चिम बंगाल पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रविवार को उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पुलिस खुद कानून तोड़ने का काम कर रही है।

शनिवार को जिला प्रशासन ने कथित तौर पर बिना मंजूरी बने हिस्से को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया था। इसके बाद अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा समर्थकों के साथ मिलकर कार्यालय से लैपटॉप, प्रिंटर, दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य सामान ले गई।

उन्होंने इसे तोड़फोड़ नहीं बल्कि “वर्दी में चोरी” करार दिया। साथ ही कहा कि मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन होने के बावजूद यह कार्रवाई की गई।

अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि अमतला का पार्टी कार्यालय खरीदी गई जमीन पर सभी आवश्यक मंजूरियों के साथ बनाया गया था। उन्होंने कहा कि इस मामले में टीएमसी पहले कलकत्ता हाईकोर्ट और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट का रुख करेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि कथित तोड़फोड़ से जुड़े वीडियो भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) के OSD को भेजे गए हैं। वीडियो में दिख रहे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले भाजपा जनता के लिए योजनाओं की बात करती है, लेकिन अब उसका असली चेहरा “बुलडोजर मॉडल” के रूप में सामने आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button