
अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज क्षेत्र के नरियांव बावली चौक पर देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुकानों में जा घुसी। कार पहले बिजली के पोल से टकराई और उसके बाद सड़क किनारे स्थित तीन दुकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे में दुकानों में रखा सामान खराब हो गया। दुकानदारों ने नुकसान का आंकड़ा चार लाख रुपये से अधिक बताया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात के समय तेज गति से गुजर रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार ने पहले विद्युत पोल में टक्कर मारी और फिर नियंत्रण खोते हुए जगदंबा मोदनवाल, शिवप्रसाद मोदनवाल और अवनीश निषाद की दुकानों में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि दुकानों में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़, कार सवार पुलिस के हवाले
दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने कार सवारों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना देकर उन्हें सौंप दिया। दुकानदारों का आरोप है कि कार चालक नशे की हालत में था। कार में एक युवती और एक युवक भी मौजूद थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार कार सवारों की पहचान पोस्ट ऑफिस जहांगीरगंज से जुड़े कर्मचारियों के रूप में बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस पिकेट के पास हुआ हादसा, उठे सवाल
बावली चौक पर जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां पुलिस पिकेट भी रहती है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के समय तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया गया। सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।









