अंबेडकरनगर। जलालपुर-मालीपुर मार्ग पर रविवार आधी रात पशुओं से लदी पिकअप को रोकना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। परुइया आश्रम के पास ड्यूटी कर रहे सिपाही और होमगार्ड ने पिकअप को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि वाहन सवार लोगों ने अचानक ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पथराव में होमगार्ड महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में चोट आई है। पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। साथ मौजूद सिपाही नगेंद्र हमले में बाल-बाल बच गया।
कुर्सी से उठकर पिकअप की ओर बढ़ा था होमगार्ड
रविवार रात करीब 1:30 बजे सिपाही नगेंद्र और जौकाबाद निवासी होमगार्ड महेंद्र परुइया आश्रम के पास ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वहां से गुजरी। पुलिसकर्मियों के अनुसार पिकअप में मवेशी लदे थे।
सिपाही ने वाहन रोकने के लिए होमगार्ड को इशारा किया। महेंद्र कुर्सी से उठकर पिकअप की ओर बढ़ा। आरोप है कि इसी दौरान वाहन में सवार लोगों ने ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।
पैर में चोट लगते ही जमीन पर गिरा होमगार्ड
अचानक हुए पथराव में महेंद्र के दाहिने पैर में ईंट-पत्थर लगा। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पथराव के बीच सिपाही नगेंद्र ने भी बचने का प्रयास किया। वह चोट लगने से बच गया।
हमले के बाद पिकअप सवार लोग वाहन समेत मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी सिपाही ने तत्काल जलालपुर कोतवाली पुलिस को दी।
यह भी पढ़े:https://www.tamsasanket.com/alapur-bjp-abhishek-kanaujia/
निजी अस्पताल में भर्ती, पिकअप की तलाश शुरू
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल होमगार्ड को जलालपुर-मालीपुर मार्ग स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसका उपचार चल रहा है।
कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि घायल होमगार्ड का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। पिकअप वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाश की जा रही है।









