डूंगरपुर। राजस्थान के डूंगरपुर की 13 वर्षीय छात्रा किम भारतीय इन दिनों चर्चा में है। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली किम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष विमान ‘एयर इंडिया वन’ पर अंकित राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ की स्थिति को लेकर एक महत्वपूर्ण सुझाव प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को भेजा है।
किम ने 15 जून को लिखे अपने पत्र में कहा है कि विमान का मुख्य दरवाजा खुलने पर अशोक स्तंभ का एक हिस्सा उसके पीछे छिप जाता है, जिससे राष्ट्रीय प्रतीक की पूरी आकृति दिखाई नहीं देती। यह बात उसने प्रधानमंत्री की फ्रांस और स्लोवाकिया यात्रा के दौरान टीवी पर प्रसारित दृश्यों को देखते हुए नोटिस की।
छात्रा का मानना है कि प्रधानमंत्री के विमान से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो दुनिया भर में प्रसारित होते हैं। ऐसे में भारत की पहचान और गौरव के प्रतीक अशोक स्तंभ की पूरी छवि हर समय स्पष्ट दिखाई देनी चाहिए।
इसी सोच के साथ किम ने सुझाव दिया है कि राष्ट्रीय प्रतीक को विमान पर ऐसी जगह स्थापित किया जाए, जहां दरवाजा खुलने के बाद भी उसकी पूरी आकृति नजर आए। किम की इस जागरूकता और सूक्ष्म अवलोकन की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है।









