लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार देर रात बस से टक्कर के बाद एक थार बेकाबू हो गई। थार ने कई बाइक सवारों और पैदल जा रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। इससे नाराज लोगों ने ईंट और डंडों से थार में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बस से टक्कर के बाद बेकाबू हुई थार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार पारा थाना क्षेत्र के हंसखेड़ा मोड़ के पास अवध चौराहे से बुद्धेश्वर की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसकी एक बस से टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि थार चालक ने बस को रुकवाने की कोशिश की, लेकिन बस चालक मौके से निकल गया।
बाइक सवारों और राहगीरों को मारी टक्कर
बस से टक्कर के बाद थार आगे बढ़ी। आरोप है कि हंसखेड़ा मोड़ स्थित पिंक बूथ और तिकुनिया के बीच गाड़ी ने कई बाइक सवारों और पैदल जा रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए।
अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। हादसे के बाद थार चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
गुस्साए लोगों ने थार में की तोड़फोड़
चालक के फरार होने के बाद मौके पर मौजूद लोग नाराज हो गए। लोगों ने ईंट और डंडों से थार में तोड़फोड़ की। इस दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ।
पुलिस ने गाड़ी कब्जे में लेकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त थार को कब्जे में ले लिया है। साथ ही घायलों और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस बस और थार के बीच टक्कर होने के कारणों की जांच कर रही है। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि टक्कर के बाद थार चालक ने किन परिस्थितियों में वाहन से लोगों को टक्कर मारी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।









