लखनऊ में जहरीला खाना खाने से 170 भेड़ों की मौत, दर्जनों की हालत गंभीर

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक साथ 170 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों भेड़ों की हालत नाजुक बनी हुई है। यह हादसा राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास हुआ, जहां चरने गई भेड़ों ने उद्घाटन समारोह के बाद फेंका गया बचा हुआ खाना खा लिया।

बताया जा रहा है कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 दिसंबर को किया था। इसके तीन दिन बाद रविवार शाम को पास के इलाके में भेड़ें चरने पहुंचीं। इसी दौरान भेड़ों ने खुले में पड़ा खाना खा लिया, जिसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। चरवाहों के अनुसार भेड़ें अचानक चिल्लाने लगीं और एक-एक कर बेहोश होती चली गईं।

सोमवार सुबह तक 170 भेड़ों की मौत हो चुकी थी। मृत भेड़ों के शरीर अकड़ चुके थे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सरकारी पशु चिकित्सा टीम को बुलाया गया। डॉक्टरों की टीम गंभीर हालत में बची भेड़ों का इलाज कर रही है।

ये सभी भेड़ें फतेहपुर से आए चार चरवाहों — प्रदीप कुमार, विजय पाल, अजय पाल और शिवरतन — की थीं। चरवाहों ने बताया कि रात में ही भेड़ों की तबीयत खराब होने लगी थी। उन्होंने देसी इलाज करने की भी कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ और सुबह होने तक बड़ी संख्या में भेड़ों की मौत हो गई।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और यह पता लगाया जा रहा है कि फेंके गए खाने में कोई जहरीला पदार्थ था या नहीं। घटना के बाद पशुपालकों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।

Related Posts

अलमास टावर, लखनऊ में भव्य इफ्तार का आयोजन

रोज़ेदारों के साथ विभिन्न समुदायों की सहभागिता, भाईचारे और सौहार्द का संदेश लखनऊ। पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर बर्लिंगटन चौराहे स्थित अलमास टावर में शनिवार को एक भव्य, सुव्यवस्थित…

Continue reading
हलवासिया ग्रुप की 4 संपत्तियां कुर्क

27.98 करोड़ वसूली मामले में बड़ा आदेश 27.98 करोड़ वसूली मामले में बड़ा आदेश लखनऊ। राजधानी की कॉमर्शियल कोर्ट ने 27.98 करोड़ रुपये की वसूली से जुड़े आर्बिट्रेशन मामले में…

Continue reading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *