विशेष चौपाल में 94 भूमि विवादों का निस्तारण, गांवों में पहुंची राजस्व टीम

जलालपुर तहसील के पांच ग्राम पंचायतों में चला अभियान, मौके पर सुनी गईं शिकायतें और किए गए समाधान

अम्बेडकरनगर। भूमि विवादों के समयबद्ध निस्तारण के लिए शासन के निर्देश पर सोमवार को जिले की सभी तहसीलों में विशेष भूमि विवाद निस्तारण चौपाल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देशन में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी और लेखपालों की मौजूदगी में ग्रामीणों की शिकायतें सुनी गईं और उनका निस्तारण किया गया।

अभियान के तहत जलालपुर तहसील के विभिन्न गांवों में राजस्व विभाग की विशेष टीमों ने चौपाल लगाई। उपजिलाधिकारी मधुमिता सिंह ने बताया कि धवरुआ में 30, बड़ागांव में 29, खालिसपुर भटौली में 7, अजमलपुर में 14 और मरहरा में 14 भूमि विवादों का निस्तारण किया गया। इस तरह पांच ग्राम पंचायतों में कुल 94 मामलों का समाधान किया गया।

चौपाल के दौरान भूमि विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई कर कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने राजस्व अभिलेखों की जांच की, पक्षकारों की बात सुनी और आवश्यक राजस्व प्रक्रिया आगे बढ़ाई। क्षेत्रीय लेखपाल अपने-अपने क्षेत्रों के भूमि विवादों और अब तक की गई कार्रवाई का विवरण लेकर चौपाल में उपस्थित रहे।ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रखीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button