
- चौथी तिमाही में 1,222 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा
- रेवेन्यू 8.48% बढ़कर 6,598 करोड़ रुपए पहुंचा
- उम्मीद से बेहतर रहा तिमाही प्रदर्शन
मुंबई। फार्मास्यूटिकल कंपनी सिप्ला लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1,222 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट दर्ज किया है। यह पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 30% की सालाना बढ़त है। एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 939 करोड़ रुपए था।
रेवेन्यू में भी बढ़ोतरी, 6,598 करोड़ रुपए पहुंचा आंकड़ा
सिप्ला ने इस तिमाही में ऑपरेशंस से 6,598 करोड़ रुपए का रेवेन्यू अर्जित किया है, जो एक साल पहले के 6,082 करोड़ के मुकाबले 8.48% ज्यादा है। रेवेन्यू यानी राजस्व वह राशि होती है जो कंपनी वस्तुओं और सेवाओं की बिक्री से प्राप्त करती है।
बाजार की उम्मीदों से बेहतर रहे सिप्ला के नतीजे
बाजार विश्लेषकों को उम्मीद थी कि कंपनी इस तिमाही में लगभग 1,023 करोड़ रुपए का मुनाफा दर्ज करेगी, लेकिन कंपनी ने इन अनुमानों को पीछे छोड़ते हुए बेहतर प्रदर्शन किया।
शेयरधारकों के लिए बड़ी खबर: मिलेगा 13 रुपए डिविडेंड
सिप्ला ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अपने निवेशकों को प्रति शेयर 13 रुपए का फाइनल डिविडेंड देने का ऐलान किया है। कंपनियां अपने मुनाफे का हिस्सा निवेशकों के साथ साझा करती हैं, जिसे डिविडेंड कहा जाता है।
शेयर परफॉर्मेंस: एक साल में 7% की बढ़त
13 मई को कंपनी का शेयर 0.42% की तेजी के साथ 1,518 रुपए पर कारोबार करता दिखा।
एक महीने में शेयर में 2.5% की बढ़त
छह महीने में 1% की तेजी
एक साल में 7% का उछाल
कंपनी का मार्केट कैप फिलहाल 1.22 लाख करोड़ रुपए है।
1935 में हुई थी सिप्ला की स्थापना
सिप्ला लिमिटेड की स्थापना 1935 में ख्वाजा अब्दुल हामिद ने की थी। यह एक प्रमुख भारतीय मल्टीनेशनल फार्मास्युटिकल कंपनी है, जिसका मुख्यालय मुंबई में स्थित है। वर्तमान में कंपनी के चेयरमैन यूसुफ हामिद हैं।








