कौशांबी। चरवा थाना क्षेत्र के बेरुवा गांव में शनिवार सुबह आग लगने से तीन महीने की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची घर के अंदर सोफे पर सो रही थी। शुरुआती आशंका है कि बिजली के शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी के कारण सोफे में आग लगी। बच्ची को बचाने की कोशिश में उसके चाचा भी झुलस गए।
धुआं देखकर मां पहुंची अंदर
बेरुवा गांव निवासी शिव कुमार रैदास शनिवार सुबह अपनी पत्नी नेहा देवी के साथ घर में बैठे थे। उनकी तीन महीने की बेटी शिवांशी अंदर सोफे पर लेटी थी। इसी दौरान सोफे में आग लग गई। धुआं उठता देखकर नेहा अंदर पहुंचीं तो बच्ची आग की लपटों से घिरी हुई थी। यह देखकर वह चीखने लगीं।
बच्ची को बचाने में चाचा भी झुलसे
मां की आवाज सुनकर परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बच्ची के चाचा विनोद ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे आग से बाहर निकालने की कोशिश की। इस दौरान विनोद भी झुलस गए। परिजन बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहली संतान की मौत से परिवार में मातम
शिवांशी अपनी मां नेहा की पहली संतान थी। इकलौती बेटी को खोने के बाद माता-पिता और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का कहना है कि इस हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं।
शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।









