कानपुर में लिव-इन में रह रही महिला की गला घोंटकर हत्या

दो दिन तक नहीं दिखी 32 वर्षीय काजल तो पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना, पोस्टमॉर्टम में हत्या की पुष्टि; फरार दो युवकों की तलाश

कानपुर। चकेरी क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 32 वर्षीय महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। कमरे के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा था। दो दिन तक महिला दिखाई नहीं दी तो पड़ोसियों को शक हुआ। गुरुवार शाम करीब छह बजे सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कमरे से महिला का शव बरामद किया। उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं।

शनिवार शाम करीब चार बजे देवरिया से पहुंची महिला की मां और बहन ने शव की पहचान काजल के रूप में की। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव लेकर देवरिया लौट गए। पुलिस मामले की जांच करते हुए फरार दो युवकों की तलाश कर रही है।

तलाक के बाद कानपुर में करने लगी थी काम

काजल मूल रूप से देवरिया जिले के बघौचघाट क्षेत्र की रहने वाली थी। उसकी शादी उन्नाव में हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद वह कानपुर के चकेरी क्षेत्र में बर्तन साफ करने का काम करने लगी।

इसी दौरान उसकी मुलाकात तिरंगा चौराहे के पास रहने वाले राजमिस्त्री पप्पू पासवान से हुई। दोस्ती बढ़ने के बाद दोनों स्वर्ण जयंती विहार स्थित एक मकान में किराए का कमरा लेकर लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। पप्पू भी मूल रूप से उन्नाव का रहने वाला है।

मीट शॉप संचालक से भी दोस्ती की बात आई सामने

स्थानीय लोगों के मुताबिक, काजल की चकेरी के सनिगवां निवासी मीट शॉप संचालक आतिफ से भी दोस्ती थी। बताया गया कि आतिफ अक्सर उसके कमरे पर आता-जाता था। पुलिस मामले में सामने आए तथ्यों और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पोस्टमॉर्टम में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि

पुलिस के अनुसार, आसपास के लोगों ने बताया कि पप्पू बुधवार दोपहर बाइक लेकर कमरे से निकला था। इसके बाद कमरे में किसी के आने की जानकारी नहीं मिली। निर्माणाधीन मकान में रहने वाले किराएदारों ने जब दो दिन तक काजल को नहीं देखा, तो उन्हें शक हुआ और गुरुवार शाम पुलिस को सूचना दी।

कमरे की जांच करने पर पुलिस को काजल का शव फर्श पर पड़ा मिला। उसके पैर के अंगूठे, हाथ की उंगलियों, कोहनी, गर्दन और गाल पर चोट के निशान थे। चेहरे पर सूजन भी थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।

पुलिस फरार दो युवकों की तलाश कर रही है। हत्या के पीछे की वजह और घटना में किसकी भूमिका रही, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button