अंबेडकरनगर। जिले के उपसम्भागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) में अब डिजिटल पेमेंट सुविधा की शुरुआत होने जा रही है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद वाहन स्वामियों और आवेदकों को नकद लाने की आवश्यकता नहीं होगी।
दो पीओएस मशीनें होंगी स्थापित
अकबरपुर स्थित एआरटीओ कार्यालय में दो पीओएस मशीनें लगाई जाएंगी। इनके माध्यम से टैक्स, जुर्माना और अन्य शुल्क का भुगतान क्रेडिट या डेबिट कार्ड से कुछ ही सेकंड में किया जा सकेगा।
नकद भुगतान की परेशानी होगी खत्म
अभी तक ऑनलाइन सुविधा न होने के कारण कई बार खाता में राशि होने के बावजूद लोगों को भुगतान करने में दिक्कत आती थी, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे। नई सुविधा शुरू होने के बाद यह समस्या समाप्त हो जाएगी।
प्रवर्तन टीमों को भी मिलेगी पीओएस मशीन
परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों को भी पीओएस मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। सड़क पर चेकिंग के दौरान वाहन स्वामी मौके पर ही कार्ड से चालान का भुगतान कर सकेंगे, जिससे समय और परेशानी दोनों की बचत होगी।
जनसुविधा बढ़ाने की दिशा में कदम
एआरटीओ सतेंद्र कुमार यादव ने बताया कि यह सुविधा जल्द ही शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल पेमेंट व्यवस्था शुरू होने से कैशलेस लेन-देन को बढ़ावा मिलेगा और पारदर्शिता के साथ टैक्स व चालान का भुगतान संभव हो सकेगा।








