- अकबरपुर में पांच विधानसभा क्षेत्रों के विजेताओं के बीच हुआ फाइनल मुकाबला, मनदीप और दीक्षा रहे दूसरे स्थान पर
अंबेडकरनगर। जिले में स्वच्छ हवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए आयोजित छठी क्लीन एयर ग्रीन एयर मैराथन का फाइनल मुकाबला रविवार को अकबरपुर में हुआ। बालक वर्ग में कुलदीप यादव और बालिका वर्ग में श्रेया गुप्ता ने पहला स्थान हासिल किया। दोनों विजेताओं को 50-50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
बालक वर्ग में मनदीप, बालिका वर्ग में दीक्षा दूसरे स्थान पर
फाइनल मुकाबले में बालक वर्ग में मनदीप यादव दूसरे और विशाल वर्मा तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, बालिका वर्ग में दीक्षा ने दूसरा और प्रतीक्षा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान के विजेताओं को इन्वर्टर-बैटरी और तीसरे स्थान पर रहे प्रतिभागियों को साइकिल देकर सम्मानित किया गया।
पुरानी फैक्ट्री से शुरू हुई दौड़, पटेल नगर तिराहे पर समापन
पूर्व सांसद रितेश पांडेय की पहल पर आयोजित फाइनल दौड़ अकबरपुर की पुरानी निजी फैक्ट्री से शुरू हुई। प्रतिभागियों ने शहजादपुर होते हुए दौड़ पूरी की। इसका समापन पटेल नगर तिराहे पर हुआ।
पांच विधानसभा क्षेत्रों में हुई थी चयन प्रतियोगिता
फाइनल से पहले जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में मैराथन आयोजित की गई थी। 10 नवंबर को जलालपुर, 14 नवंबर को कटेहरी, 16 नवंबर को टांडा और 18 नवंबर को गोसाईंगंज विधानसभा क्षेत्र में प्रतियोगिताएं हुई थीं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से बालक और बालिका वर्ग के 20-20 प्रतिभागियों का चयन फाइनल के लिए किया गया था।









