जनपद में एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखा गया

अंबेडकरनगर। हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम छह बजे पुलिस लाइन परिसर में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। भारत सरकार और राज्य सरकार के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस अभ्यास में पुलिस, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता और आपसी समन्वय का जायजा लिया।

सायरन बजाकर दी गई हवाई हमले की चेतावनी

मॉक ड्रिल के दौरान सबसे पहले सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी जारी किए जाने का अभ्यास किया गया। इसके बाद पुलिस लाइन सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ब्लैकआउट की स्थिति उत्पन्न कर आपातकालीन हालात में की जाने वाली जरूरी कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया।

अभ्यास के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने, आग लगने की स्थिति में अग्निशमन और नियंत्रण, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया।

अधिकारियों ने तैयारियों का लिया जायजा

मॉक ड्रिल के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित विभागों की तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों तथा त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखा। इस दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

आपात स्थिति में समन्वय और तत्परता जरूरी

अपर जिलाधिकारी ज्योत्स्ना बंधु ने कहा कि इस तरह की मॉक ड्रिल आपातकालीन परिस्थितियों में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की तैयारियों को परखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अभ्यास में संबंधित विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों और अन्य प्रतिभागियों के सक्रिय सहयोग की सराहना की।

मॉक ड्रिल में पुलिस विभाग, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आपदा मित्रों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता विद्युत, आपदा विशेषज्ञ सूर्यभान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यास का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button