
- अच्छी बारिश से धान की फसल बेहतर होने की संभावना
- किसानों का पंजीयन अनिवार्य, 27 सितंबर तक 541 किसान पंजीकृत
- राइस मिलों और वाहनों की जियो टैगिंग से खरीद प्रक्रिया पारदर्शी
अंबेडकरनगर। जिले में इस साल समय-समय पर हुई अच्छी बारिश से धान की फसल को संजीवनी मिली है और किसानों को उच्च उपज मिलने की संभावना जताई जा रही है। इस मौके पर किसानों को धान का उचित मूल्य सुनिश्चित करने और भाग-दौड़ से बचाने के लिए जिले में 90 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। पहली नवंबर से धान की खरीद प्रक्रिया शुरू होगी।
किसानों का पंजीयन अनिवार्य
धान की खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए जिले में किसानों का पंजीयन आवश्यक किया गया है। किसान खाद्य विपणन विभाग के पोर्टल पर खतौनी, बैंक पासबुक, आधार कार्ड संख्या और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी फीड कर पंजीयन करा सकते हैं। अब तक 27 सितंबर तक जिले के 541 किसानों का पंजीयन सफलतापूर्वक किया जा चुका है। पंजीयन के बाद तहसील स्तर पर सत्यापन भी किया जाएगा।
राइस मिलों की जियो टैगिंग प्रक्रिया शुरू
धान कुटाई और खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए राइस मिलों का सत्यापन और जियो टैगिंग प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके तहत राइस मिलों, खरीद केंद्रों और धान परिवहन वाहनों को जीपीएस प्रणाली से लैस किया जा रहा है। इस प्रक्रिया से सुनिश्चित होगा कि मिल से गोदाम तक और केंद्र से राइस मिल तक धान सुरक्षित और समय पर पहुंचे।
समर्थन मूल्य और महिला-छोटे किसानों को वरीयता
इस वर्ष धान का समर्थन मूल्य सामान्य के लिए 2,369 रुपये और ग्रेड-ए के लिए 2,389 रुपये निर्धारित किया गया है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि खरीद में छोटे और महिला किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि आवश्यक हुआ तो केंद्रों की संख्या में भी वृद्धि की जाएगी।








