तेहरान। ईरान के साथ युद्ध रोकने और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को कम करने के प्रयासों के बीच सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के अधिकारी सोमवार को तेहरान पहुंचे। यहां उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। बातचीत का प्रमुख मुद्दा क्षेत्रीय सुरक्षा और तनाव कम करने के लिए सहयोग बढ़ाना रहा।
मुस्लिम देशों से एकजुट होने की अपील
बैठक के दौरान ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने कहा कि मुस्लिम देशों को क्षेत्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि क्षेत्र के देशों को अपने लोगों के सामने मौजूद खतरों का मिलकर सामना करना चाहिए और आपसी मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाना चाहिए।
सहयोग बढ़ाने वाले समझौतों का समर्थन करेगा ईरान
पजशकियान ने कहा कि क्षेत्रीय देशों के बीच होने वाले ऐसे समझौतों को ईरान का पूरा समर्थन मिलेगा, जिनसे एकता, आपसी तालमेल और सहयोग मजबूत हो। उनके मुताबिक, क्षेत्र में स्थिरता लाने के लिए देशों के बीच संवाद और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
ट्रम्प की धमकी के बीच हुई बैठक
यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान पर जल्द हमला करने की धमकी दी थी। ऐसे में सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के अधिकारियों की तेहरान यात्रा को क्षेत्रीय तनाव कम करने की कूटनीतिक कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, बैठक के बाद किसी ठोस समझौते या युद्ध रोकने के फैसले की जानकारी सामने नहीं आई है।









