युवक ने लाइसेंसी बंदूक से की आत्महत्या, परिवार में पसरा मातम

  • सुनहरा लालपुर में युवक ने लाइसेंसी बंदूक से की आत्महत्या
  • मृतक की पहचान अंकित वर्मा (28) के रूप में हुई, परिवार में पत्नी और 3 साल की बेटी
  • रात में कमरे से गोली की आवाज़, पास पड़ी मिली सिंगल बैरल बंदूक

अंबेडकरनगर। जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के सुनहरा लालपुर गांव में शनिवार देर रात एक युवक ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

युवक की पहचान अंकित वर्मा के रूप में हुई

मृतक की पहचान अंकित वर्मा (28) पुत्र राम तीरथ वर्मा, निवासी सुनहरा लालपुर के रूप में हुई है। अंकित की शादी चार साल पहले हुई थी और उसकी तीन साल की एक बेटी है। परिवार में माता-पिता, पत्नी और बेटी सहित कुल पांच सदस्य हैं। मृतक की चार बहनों की शादी हो चुकी है।

रात को कमरे में सुनाई दी गोली की आवाज़

परिवार के अनुसार, शनिवार रात खाना खाने के बाद अंकित अपने कमरे में सोने चले गए थे, जबकि उनकी पत्नी नीचे ही मौजूद थी। कुछ देर बाद अचानक कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिवार के सदस्यों ने जब कमरे का दरवाजा खोला तो अंकित खून से लथपथ पड़े थे। कमरे में पास ही उनकी लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक पड़ी मिली।

पुलिस ने की मामले की जांच शुरू

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बंदूक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडे ने बताया कि युवक ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Back to top button