
गोमती रिवर फ्रंट में 2 लाख मछलियां छोड़ी गईं
मछलियों की गतिशीलता घटकर 10% हो गई
मंत्री संजय निषाद ने मछुआरा कल्याण योजनाओं का उल्लेख किया
लखनऊ। लक्ष्मण झूला पार्क के पास गोमती रिवर फ्रंट में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत सोमवार को मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने 2 लाख मछलियां नदी में छोड़ीं। इस दौरान एक वाकया सामने आया जब कई मछलियां पानी में उतरते ही मृत या धीमी गति वाली नजर आईं। मौके पर मौजूद मछुआरों ने कहा कि पानी इतना गंदा है कि आधी मछलियां मर जाएंगी।
कार्यक्रम में मंत्री के साथ प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम और मत्स्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री ने किनारे और नाव से मछलियां गोमती में छोड़ीं और फोटोशूट भी करवाया। उन्होंने बताया कि नदी में मछलियों की गतिशीलता (मेंटिलिटी) अब केवल 10% रह गई है, जबकि पहले यह 30% थी।
मंत्री संजय निषाद ने कहा कि सरकार मछुआरा समाज के उत्थान के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना और प्रधानमंत्री मत्स्य बीमा योजना का जिक्र करते हुए बताया कि मछली पालन करने वाले किसानों को 5 लाख रुपए तक का इंश्योरेंस कवर दिया जा रहा है।








