लखनऊ में बैंक डिप्टी मैनेजर ने खुद को मारी गोली, घर में मचा हड़कंप

लखनऊ। लखनऊ के गुडंबा इलाके में सोमवार सुबह एक बैंक डिप्टी मैनेजर ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह अपने कमरे में अकेले थे। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजन जब कमरे में पहुंचे तो वह लहूलुहान हालत में मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान मूल रूप से गोरखपुर निवासी काजी अहमद जैद (32) के रूप में हुई है। वह लखनऊ के आदिल नगर, कल्याणपुर (गुडंबा) में परिवार के साथ रहते थे और Axis Bank की अलीगंज शाखा में डिप्टी मैनेजर के पद पर तैनात थे।

कमरे में खुद को मारी गोली

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 बजे जैद ने घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में 32 बोर की पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी ने देखा खून से लथपथ शव

काफी देर तक नीचे न आने पर उनकी पत्नी तैयबा कमरे में पहुंचीं, जहां जैद को खून से लथपथ देखकर उनकी चीख निकल गई। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

शादी समारोह से लौटे थे परिवार

परिजनों के मुताबिक, जैद दो दिन पहले परिवार के साथ गोंडा में एक रिश्तेदारी के शादी समारोह में गए थे और रविवार रात वापस लौटे थे। इसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में चले गए। सुबह पत्नी घर के काम में व्यस्त थीं, तभी यह घटना हो गई।

घोटाले के एंगल से भी जांच

प्रारंभिक जांच में बैंक से जुड़े किसी घोटाले की आशंका भी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button