
- जाजमऊ में युवक ने खुद के अपहरण की झूठी सूचना दी
- पुलिस जांच में सामने आई सच्चाई
- कर्ज चुकाने से बचने के लिए रची गई साजिश
- युवक और उसका साथी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
कानपुर। कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा खुद के अपहरण की झूठी कहानी रचने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में यह पूरा मामला फर्जी निकला, जिसके बाद आरोपी युवक और उसके साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
शिवा सिंह के अनुसार, जाजमऊ के मनोहर नगर निवासी फैज किराए पर टैक्सी चलाता है। उसकी मां सकीना ने 26 अप्रैल को बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अपहरण की आशंका जताई थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टीमें गठित कीं और गाजियाबाद तक जांच शुरू की। कॉल डिटेल के आधार पर फैज के मौसेरे भाई फरमान उर्फ कस्सू (20) को हिरासत में लेकर कानपुर लाया गया।
पूछताछ के दौरान फैज के बयानों में विरोधाभास सामने आया, जिससे पुलिस को शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सच्चाई कबूल कर ली कि अपहरण की कहानी पूरी तरह मनगढ़ंत थी।
जांच में सामने आया कि फैज 26 अप्रैल को घर से निकलकर ट्रेन से गाजियाबाद पहुंचा था। वहां उसने एक ई-रिक्शा चालक को शराब पिलाई और फिर अपनी मां को व्हाट्सएप कॉल कर खुद के अपहरण की झूठी जानकारी दी।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने कार मालिक से 20 हजार रुपए उधार लिए थे, जिसे वह चुका नहीं पा रहा था। इसी कारण उसने यह साजिश रची।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।









