बाग में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

पीठ पर धारदार हथियार के निशान, बाइक पास में मिली

अम्बेडकरनगर के सम्मनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक का शव बाग में मिलने से सनसनी फैल गई। शव खेत के पास मेड़ पर मिला। युवक की पीठ पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

मृतक की पहचान मछली गांव जहनियापुर निवासी सूरज उपाध्याय (25) पुत्र दिलीप उपाध्याय के रूप में हुई है। वह शुक्रवार शाम करीब 8 बजे घर से बाइक लेकर निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा।

बाइक और शव अलग-अलग स्थान पर मिले

शनिवार सुबह ग्रामीणों ने आशाराम कन्नौजिया के खेत में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।

शव से करीब 200 मीटर दूरी पर उसकी बाइक भी पड़ी मिली। इस स्थिति ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है।

चेहरे पर चोट, पीठ पर खरोंच के निशान

परिजनों के अनुसार मृतक का चेहरा नीला पड़ा हुआ था और पीठ पर खरोंच के निशान थे। इससे गला दबाकर हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।

परिवार के लोगों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

परिवार में मचा कोहराम

सूरज दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई शिवम है और एक बहन की शादी हो चुकी है। पिता दिलीप उपाध्याय जलालपुर तहसील में स्टाम्प विक्रेता के रूप में कार्यरत हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

पुलिस जांच में जुटी

सम्मनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button