मुंबई/पणजी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने देशभर में फैले साइबर फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट से जुड़े मामले में शनिवार को एक वकील को गिरफ्तार किया। एजेंसी के मुताबिक, इस नेटवर्क से करीब 28 हजार करोड़ रुपये के बैंकिंग लेन-देन जुड़े हैं। मामले में अब तक सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
दिल्ली जाने से पहले पकड़ा गया आरोपी
गिरफ्तार वकील की पहचान रशेष उपाध्याय उर्फ रशेष शाह के रूप में हुई है। ED की पणजी यूनिट की टीम ने उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर उस समय पकड़ा, जब वे दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में सवार होने वाले थे। कार्रवाई में कस्टम्स और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के अधिकारियों ने भी मदद की।
29 अक्टूबर तक ED की हिरासत
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पणजी ले जाया गया। वहां विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) अदालत ने उन्हें 29 अक्टूबर तक ED की हिरासत में भेज दिया। एजेंसी मामले में कथित साइबर फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट नेटवर्क से जुड़े लेन-देन की जांच कर रही है।









