खाड़ी। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र रविवार को चक्रवाती तूफान में बदल गया। इसके प्रभाव से ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। आंध्र प्रदेश में 26 से 29 अक्टूबर तक भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
ओडिशा के पांच जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
चक्रवाती तूफान के खतरे को देखते हुए ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को सभी स्कूल-कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
पुडुचेरी और तमिलनाडु में भी असर
पुडुचेरी में शनिवार रात से लगातार बारिश हो रही है। वहीं, तमिलनाडु के इरोड जिले में भारी बारिश के बीच कोडिवेरी बांध पर लगातार दूसरे दिन पर्यटकों की एंट्री बंद रही। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया है।
केरल के तीन जिलों में रेड अलर्ट
केरल में भी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में शैक्षणिक संस्थानों और पर्यटन स्थलों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है।









