देवरिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में टिन्नू यादव समेत 8 लोगों की गिरफ्तारी पर शुक्रवार को प्रतिक्रिया दी। देवरिया में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई शुरू हो चुकी है और मामले में पूरी पारदर्शिता के साथ जांच की जा रही है।
सीएम योगी ने कहा कि “दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेंगे। जनआस्था के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है और किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी।” उन्होंने कहा कि अयोध्या पर आरोप लगाने के बजाय यदि किसी के पास प्रमाण हैं तो वह एसआईटी को दे, अन्यथा इस तरह के आरोपों को बंद करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि राम भक्तों की आस्था की परीक्षा लेना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए बोले कि जिसने देश को लूटा और नोंचा, वही आज आस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
उन्होंने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अयोध्या दौरे पर भी टिप्पणी की और कहा कि दिल्ली को पिछले 15 वर्षों में बर्बाद किया गया है। योगी ने कहा कि यदि सही काम किया होता तो दिल्ली भी आज अयोध्या की तरह चमक रही होती।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने 456.38 करोड़ रुपये की 106 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।









