नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में देश की रक्षा, विमानन, योग और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई अहम उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत आज समुद्र से लेकर आसमान तक पूरी तरह सुरक्षित है और स्वदेशी तकनीक के दम पर लगातार नई सफलताएं हासिल कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि इसी महीने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने स्वदेशी लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। यह भारत की रक्षा क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
उन्होंने विमानन क्षेत्र की उपलब्धियों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत तैयार किए गए C-295 विमान ने अपनी पहली सफल उड़ान पूरी कर ली है। वर्तमान में ऐसे 40 विमान भारत में ही बनाए जा रहे हैं, जिससे देश की आत्मनिर्भरता को नई मजबूती मिलेगी।
योग को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार दुनिया के 2500 से अधिक स्थानों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं अहमदाबाद में आयोजित विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 114 पदक जीते, जिनमें 102 स्वर्ण पदक शामिल हैं। भारत पदक तालिका में पहले स्थान पर रहा।
प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हाल के संकट के दौरान लोगों ने उनकी अपील का सकारात्मक जवाब दिया। कई परिवारों ने शादी-ब्याह में नया सोना खरीदने के बजाय पुराने सोने को रीसाइकल करने का निर्णय लिया है। वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने कार पूलिंग को अपनाकर ईंधन की बचत में सहयोग किया है।









