ममता बनर्जी बोलीं- राजनीति से संन्यास नहीं लूंगी

BJP को हाशिए पर पहुंचाने तक लड़ती रहूंगी

फेसबुक लाइव में TMC प्रमुख का भाजपा पर हमला; जनगणना, SIR और अन्नपूर्णा योजना को लेकर लगाए कई आरोप

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि वह राजनीति से संन्यास नहीं लेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को हाशिए पर पहुंचाने तक वह अपनी लड़ाई जारी रखेंगी।

ममता ने दावा किया कि बंगाल के लोगों ने महज चार महीने में ही भाजपा का “असली चेहरा” समझ लिया है।

जनगणना और NRC को लेकर सवाल

फेसबुक लाइव के दौरान ममता बनर्जी ने जनगणना की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जनगणना के जरिए राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) लागू करने की कोशिश की जा रही है और इसके लिए राजनीतिक दलों से पर्याप्त सलाह नहीं ली गई।

उन्होंने लोगों से जनगणना फॉर्म भरते समय सावधानी बरतने की अपील की।

SIR को लेकर भी भाजपा पर हमला

ममता ने दावा किया कि SIR प्रक्रिया के जरिए गैर-कानूनी तरीके से बड़ी संख्या में वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर ऐसे मतदाताओं के नाम दोबारा सूची में शामिल कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा।

अन्नपूर्णा योजना को लेकर BJP पर निशाना

TMC प्रमुख ने अन्नपूर्णा भंडार योजना को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में महिलाएं आर्थिक सहायता की राशि मिलने में देरी को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं।

ममता ने दावा किया कि अपात्रता का हवाला देकर लाभार्थियों की संख्या कम की जा रही है। उन्होंने कहा कि TMC सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लक्ष्मी भंडार योजना शुरू की थी, जबकि भाजपा अन्नपूर्णा भंडार योजना में लाभ देने के लिए धर्म और नस्ल को आधार बना रही है।

उन्होंने भाजपा पर चुनाव से पहले महिलाओं से योजना का लाभ देने का वादा करने और बाद में उन्हें धोखा देने का आरोप लगाया।

जाधवपुर यूनिवर्सिटी हिंसा पर भी बोलीं ममता

ममता बनर्जी ने जाधवपुर यूनिवर्सिटी में हुई तोड़फोड़ को लेकर भी भाजपा पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भले ही विश्वविद्यालय के कुछ छात्रों से उनके राजनीतिक मतभेद हों, लेकिन वह उनका सम्मान करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button