अम्बेडकरनगर। अकबरपुर स्थित फायर स्टेशन में अग्निशामक सिलेंडरों की कथित बिक्री और अनियमितताओं को लेकर नया विवाद सामने आया है। निजी विक्रेताओं की शिकायत के बाद मामला चर्चा में है। शिकायतों के आधार पर की गई पड़ताल में फायर स्टेशन के कुछ कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। मामले को लेकर विभागीय जांच की मांग भी तेज हो गई है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि फायर स्टेशन परिसर से ही अग्निशामक सिलेंडरों की बिक्री की जा रही है। साथ ही एनओसी से जुड़े कार्यों पर भी विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है। आरोपों में फायरमैन सुनील कुमार मौर्य, राहुल मौर्य और कार्यालय कर्मचारी अभिषेक सिंह के नाम शामिल किए गए हैं।
सरकारी परिसर और वर्दी के इस्तेमाल का भी आरोप
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि फायर स्टेशन आने वाले लोगों को वहीं से अग्निशामक सिलेंडर उपलब्ध कराए जाते हैं। आरोप यह भी है कि इस कार्य में सरकारी परिसर और वर्दी का उपयोग किया जाता है। कुछ लोगों ने परिचितों और जाति बिरादरी के लोगों को विशेष रियायत दिए जाने का भी आरोप लगाया है।
पड़ताल से जुड़े दावों के अनुसार संबंधित कर्मचारी कार्यालय में बैठकर सिलेंडर बिक्री और अन्य कार्य करते दिखाई दिए। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
प्रभारी अधिकारी बोले- नियम नहीं, शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई
मामले में जब फायर स्टेशन प्रभारी एवं सब इंस्पेक्टर सचिन शर्मा से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि फायर स्टेशन से अग्निशामक सिलेंडर बेचने का कोई नियम उनकी जानकारी में नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में इस तरह की कोई गतिविधि सामने आती है तो संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।









