तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा ने कसी संगठन की कमर

अटल भवन में हुई बैठक में मतदाता सूची, बूथ प्रबंधन और सामाजिक समीकरणों पर जोर; तीन नवंबर को लखनऊ में पदयात्रा में शामिल होने की तैयारी

अंबेडकरनगर। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को जिला कार्यालय अटल भवन में हुई बैठक में मतदाता सूची के अध्ययन, बूथों की मजबूती और सामाजिक समीकरणों के आधार पर रणनीति बनाने पर जोर दिया गया। जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव ने पदाधिकारियों से संगठन में मिली जिम्मेदारियों की जानकारी भी ली।

जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला प्रवासी अवधेश पांडेय बादल भी मौजूद रहे। जिला प्रभारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों पर ध्यान देना होगा। उन्होंने मतदाता सूची के अध्ययन, बूथों की ग्रेडिंग और चुनावी तैयारियों में माइक्रोप्लानिंग को महत्वपूर्ण बताया।

बूथवार तैयारी और सामाजिक समीकरणों पर जोर

अवधेश श्रीवास्तव ने जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रभारियों से संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने चुनाव की दृष्टि से बूथ स्तर पर काम करने और संगठन की तैयारियों की समीक्षा पर जोर दिया।

जिला प्रवासी अवधेश पांडेय बादल ने कहा कि तीन नवंबर को लखनऊ में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा आयोजित होगी। उन्होंने दावा किया कि इसमें अवध क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।

जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने जिले में संगठन की गतिविधियों का ब्योरा रखा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। कार्यकर्ता का काम और व्यवहार उसकी पहचान है। उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button