वॉशिंगटन। भारतीय मूल के अमेरिकी डेमोक्रेटिक सांसद रो खन्ना ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की नीतियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ट्रम्प प्रशासन की नीतियों के कारण भारत और अमेरिका के संबंध पिछले 30 वर्षों में सबसे कमजोर दौर में पहुंच गए हैं।
वॉशिंगटन में आयोजित यूएस-इंडिया स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप फोरम (USISPF) लीडरशिप समिट 2026 में बोलते हुए रो खन्ना ने आरोप लगाया कि ट्रम्प की टैरिफ नीति, ईरान पर सैन्य कार्रवाई और सहयोगी देशों से बिना परामर्श लिए लिए गए निर्णयों ने अमेरिका की वैश्विक साख को नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका ने भारत, यूरोप और कनाडा जैसे सहयोगी देशों से चर्चा किए बिना कई अहम फैसले लिए, जिससे आपसी विश्वास कमजोर हुआ है। उनके अनुसार ऐसे कदमों ने अमेरिका के पारंपरिक साझेदारों के साथ संबंधों पर नकारात्मक असर डाला है।
रो खन्ना ने दावा किया कि हाल ही में चीन यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात एक भारतीय राजदूत से हुई थी, जिन्होंने कहा कि ट्रम्प की नीतियों ने भरोसे की एक पूरी पीढ़ी को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि यदि इन प्रभावों को स्वीकार नहीं किया गया तो यह वास्तविकता से मुंह मोड़ने जैसा होगा।
सांसद ने ट्रम्प को “लेम डक” राष्ट्रपति बताते हुए दावा किया कि डेमोक्रेटिक पार्टी आगामी मिड-टर्म चुनाव में प्रतिनिधि सभा में बहुमत हासिल करेगी और 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में भी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अमेरिका और उसके वैश्विक संबंधों को फिर से मजबूत करने की दिशा में काम करना होगा।









