कामचटका। रूस के कामचटका प्रायद्वीप में शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे 7 तीव्रता का भूकंप आया। इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई। इसके कुछ देर बाद जापान की मौसम एजेंसी ने 9.9 तीव्रता के भूकंप की चेतावनी जारी कर दी। अलर्ट से देशभर में अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि, एजेंसी ने करीब 12 मिनट बाद चेतावनी वापस ले ली और अपनी गलती के लिए माफी मांगी।
शुरुआती आंकड़ों से लगाया जाता है भूकंप का अनुमान
जापान की भूकंप चेतावनी प्रणाली जमीन पर लगे सेंसर से मिलने वाले शुरुआती आंकड़ों के आधार पर भूकंप की तीव्रता और उसके संभावित असर का अनुमान लगाती है। यह प्रक्रिया बेहद कम समय में पूरी की जाती है, ताकि लोगों को समय रहते चेतावनी दी जा सके। शुरुआती आंकड़े अधूरे होने के कारण अनुमान गलत भी हो सकता है।
9.9 तीव्रता का अलर्ट कैसे जारी हुआ?
जापान मौसम एजेंसी (JMA) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता का जरूरत से ज्यादा अनुमान लगाए जाने के कारण गलत चेतावनी जारी हुई थी। 9.9 तीव्रता का अनुमान बेहद असाधारण था। अब तक दर्ज किए गए भूकंपों में इतनी तीव्रता का कोई भूकंप नहीं रहा है।
एजेंसी कर रही गलती की जांच
भूकंप के शुरुआती आंकड़े अधूरे होने, निगरानी केंद्रों से दूर भूकंप आने या आसपास एक साथ कई भूकंप आने जैसी स्थितियां अनुमान को प्रभावित कर सकती हैं। हालांकि, इस मामले में सेंसर या सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी की पुष्टि नहीं हुई है। मौसम एजेंसी ने कहा है कि वह गलत अलर्ट जारी होने के कारणों की जांच कर रही है।









