अंबेडकरनगर। शिव बाबा धाम मेले में शुक्रवार को अपने परिजनों से बिछड़ी पांच वर्षीय बच्ची को अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल खोज निकाला। पहचान की पुष्टि के बाद बच्ची को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र स्थित शिव बाबा धाम मेले में पांच वर्षीय सानवी, पिता रामजन्म, भीड़ के दौरान अपने परिजनों से बिछड़ गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई और मेले में बच्ची की तलाश शुरू कर दी।
तलाश अभियान के बाद मिली सफलता
पुलिस टीम ने मेले में लगातार तलाश अभियान चलाया। कुछ ही समय बाद बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसकी पहचान सुनिश्चित की गई और उसके परिजनों का पता लगाया गया।
जांच के दौरान बच्ची की पहचान सानवी, निवासी ग्राम मोतीगरपुर, थाना बसखारी के रूप में हुई। सत्यापन के बाद उसे उसकी मां शशिकला के सुपुर्द कर दिया गया।
सुरक्षित बेटी मिलने पर परिजनों ने जताया आभार
बेटी के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। उन्होंने अकबरपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सक्रियता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस ने मेले में आने वाले लोगों से बच्चों पर विशेष नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।









