- 25, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को मिलेगी सुविधा
- मौर्या स्टेट एंड जगत पैलेस गेस्ट हाउस में रहने और विश्राम का इंतजाम
अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 में शामिल होने के लिए जिले में आने वाले अभ्यर्थियों को ठहरने और भोजन की सुविधा के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। नारायण फाउंडेशन की ओर से अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क रहने, खाने और विश्राम की व्यवस्था की गई है। यह सुविधा टांडा क्षेत्र के रामपुर कलां स्थित मौर्या स्टेट एंड जगत पैलेस गेस्ट हाउस में उपलब्ध होगी।
फाउंडेशन की ओर से यह व्यवस्था 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर 2026 को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर की गई है। जिन अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र अंबेडकरनगर में आवंटित है, वे इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। परीक्षा देने के लिए दूसरे क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए ठहरने और भोजन का इंतजाम उपयोगी साबित हो सकता है।
गेस्ट हाउस मौर्य चौराहा, रामपुर कलां, टांडा में स्थित है। व्यवस्था से संबंधित जानकारी और संपर्क के लिए दयानंद मौर्य को जिम्मेदारी दी गई है। अभ्यर्थी सुविधा के संबंध में उनसे संपर्क कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को परीक्षा पर ध्यान देने में मिलेगी सहूलियत
नारायण फाउंडेशन के संरक्षक और भाजपा जिला उपाध्यक्ष विवेक मौर्य ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा, “परीक्षा देने के लिए जिले में आने वाले अभ्यर्थियों को ठहरने और भोजन की व्यवस्था के लिए भटकना न पड़े, इसी उद्देश्य से निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थी निश्चिंत होकर अपनी परीक्षा की तैयारी और परीक्षा पर ध्यान दे सकें, यही प्रयास है।”









